भाजपा नेता मनप्रीत बादल को हार्ट अटैक, अस्पताल में भर्ती; नाजुक बनी हुई है हालत…

पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बादल को हार्ट अटैक होने के बाद उन्हें बठिंडा के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

डॉक्टरों ने उन्हें 2 स्टंट डाले हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई और वह आईसीयू वार्ड में दाखिल हैं।

मनप्रीत बादल की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद उनके समर्थकों का अस्पताल के बाहर तांता लगा हुआ है। डॉक्टरों का कहना है कि दो स्टंट डाले गए हैं। मनप्रीत बादल जल्द ही पूरी तरह से स्वास्थ्य हो जाएंगे। 

आज पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल की पहली बरसी थी। इसके लिए गांव बादल में समागम रखा गया था, जिसमें मनप्रीत बादल को भी शामिल होना था, लेकिन अचानक उनके सीने में दर्द होने लगा। उन्हें चेकअप के लिए बठिंडा के एक निजी अस्पताल में लाया गया।

चेकअप करने पर पता चला कि उनकी हालत गंभीर है और उन्हें दिल का दौरा पड़ा है। मनप्रीत बादल का इलाज करने वाले जिंदल हार्ट अस्पताल के डॉ. राजेश जिंदल ने बताया कि मनप्रीत बादल को बीती रात को भी सीने में दर्द हुआ था और रविवार सुबह भी दर्द हुआ था।

उनकी ईसीजी और एंजोग्राफी की गई तो ब्लॉकेज की समस्या सामने आई। 2 स्टंट डालकर नाड़ी को खोल दिया गया है। डॉ. जिंदल ने बताया कि उन्हें 48 घंटे के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

चचेरे भाई का हाल जानने पहुंचे सुखबीर बादल 
मनप्रीत बादल को दिल का दौरा पड़ने की जानकारी मिलने के बाद उनके चचेरे भाई व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल अस्पताल पहुंचे।

उनके साथ पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका के अलावा शिअद पार्टी सीनियर लीडरशिप मौजूद थी। सुखबीर बादल ने मनप्रीत बादल से मिलकर उनका हालचाल जाना।

लैंड अलॉटमेंट के केस में चल रही जांच
मनप्रीत बादल पर विजिलेंस ब्यूरो ने लैंड अलॉटमेंट के केस में फ्रॉड का केस दर्ज किया है। मनप्रीत के अलावा इस मामले में 5 और आरोपियों को नामजद किया था।

उन पर आरोप है कि वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर मॉडल टाउन बठिंडा में कम दाम पर 2 प्लॉट खरीदे।

इसमें सरकार का करीब 65 लाख रुपए का वित्तीय नुकसान हुआ। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने मनप्रीत सिंह बादल और अन्य के खिलाफ अपराध और भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया था।

मनप्रीत बादल पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत लेने में बेशक सफल हो गए थे लेकिन अब भी विजीलेंस जांच जारी है।

About

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *